मंडी में हजारों दर्शकों के बीच आज होगा वॉयस ऑफ शिवरात्रि का चयन

115

ऑडिशन से 257 कलाकारों से चुने गए हैं टॉप 10 कलाकार

मंडी, 4 मार्च। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में आज वॉयस ऑफ शिवरात्रि का चयन होगा। ऑडिशन के दौरान 257 कलाकारों में से टॉप 10 कलाकार चुने गए हैं, जिनके बीच फाइनल मुकाबला होगा। इनमें कलाकार मुकुल शर्मा, शालू धीमान, गुलशन, विकास, शुभम चोपड़ा, रागिनी, आनंद कुमार, देवांश शर्मा और रजनी ठाकुर शामिल हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक उप समिति के अध्यक्ष रोहित राठौर ने बताया कि वॉयस ऑफ शिवरात्रि का फाइनल मंगलवार को महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में सेरी मंच पर शाम 4 बजे से आयोजित किया जाएगा। वॉयस ऑफ शिवरात्रि के लिए 257 कलाकारों में से टॉप 10 का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया गया था। अब इन टॉप 10 में से वॉयस ऑफ शिवरात्रि का चयन होगा।
इनमें से मुकुल शर्मा ने 2025 में आई मुबी द रैबिट हाऊस में एक गाना गाया है और दो गाने लिखे हैं। मुंबई में उन्होंने तीन साल म्यूजिक प्रोडक्शन सीखी है। उनके कई गाने यूट्यूब पर आ चुके हैं।
शालू धीमान ऑल इंडिया लेवल की मृदु क्रिएशन सिंगिंग इवेंट की विजेता, वॉयस ऑफ शिमला की दो बार की और वॉयस ऑफ हिमाचल की एक बार उपविजेता और रफी नाइट की विजेता रही हैं।
गुलशन म्यूजिक में मास्टर कर रहे हैं। वॉयस ऑफ हिमाचल के विजेता रह चुके हैं। ऑडिशन के माध्यम से प्रदेश में होने वाले अधिकांश मेलों में अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।
विकास कुमार वॉयस ऑफ पंजाब में टॉप 15 में रहे हैं। वॉयस ऑफ सुकेत और वॉयस ऑफ मंडी भी रह चुके हैं।
शुभम चोपड़ा हिमाचल आईकन आवार्ड प्राप्त कर चुके हैं। वह खुद गानों की कंपोजिशन करते हैं। उनके कई गाने यूट्यूब पर हैं एक गाने को तो 10 लाख व्यूज मिल चुके हैं।
रागिनी हिमाचल की आवाज की जूनियर वर्ग की विजेता रही हैं। द टैलेंट वर्ड शो की विजेता रही हैं और सारेगामापा में टॉप 26 में स्थान बना चुकी हैं।
आनंद कुमार वॉयस ऑफ मनाली कार्निवल के उप विजेता और रफी नाइट के विजेता रह चुके हैं।
एकता हिमाचल की आवाज प्रतियोगिता में 2023 में सेमीफाइनल तक पहुंची हैं।
रजनी ठाकुर 2023 में आयोजित लता मंगेशकर अवार्ड की विजेता रह चुकी हैं। आकाशवाणी शिमला और दूरदर्शन शिमला में भी गाना गा चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here