राज्य स्तरीय अंडर 19 प्रतियोगिता का शुभारंभ

173

ऊना, 15 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज राज्य स्तरीय अंडर 19 (बालक वर्ग) प्रतियोगिता का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) ऊना में शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिलों (लाहौल-स्पीति को छोड़कर) और 5 स्पोर्ट्स होस्टल (नादौन, पपरोला, रोहडू, सुंदरनगर व ऊना) के कुल 730 छात्र भाग ले रहे हैं। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में फुटबाल, हाकी, बास्केटबाल और हैंडबाल की प्रतियोगिताएं होंगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने खिलाडियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
शिक्षा क्षेत्र पर खर्चे जा रहे 9800 करोड़
उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सभी खलाड़ियों को शुभकामना देते हुए आशा जताई की वे आने वाले समय में खेल जगत में अपनी उपलब्धियों से प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव के लिए प्रयासरत है। प्रदेश में स्कूलों की संख्या बढ़ाने की बजाय गुणवत्तायुक्त और जीवनोपयोगी शिक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसी मकसद से सरकार ने पिछले साल की तुलना में इस बार शिक्षा बजट में 1 हजार करोड़ की वृद्धि की है। प्रदेश में इस बार शिक्षा क्षेत्र के सुदृढी़करण पर लगभग 9800 करोड़ व्यय किए जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं को नसीहत
अग्निहोत्री ने प्रदेश के आर्थिक दिवालिया होने की अफवाहें फैलाने वाले भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उनको यह पता होना चाहिए कि सरकार ने अकेेले शिक्षा क्षेत्र में ही जब इतनी बड़ी वृद्धि की है, तो यह प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति की ही बानगी है। उन्होेंने कहा कि प्रदेश में कुछ स्कूलों के बंद किए जाने पर स्पष्ट किया कि सरकार ने ऐसे स्कूलों को बंद किया है जिनमें बच्चों की जीरो एडमिशन है। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत होगी नए स्कूल खोले जाएंगे। ऊना विधानसभा क्षेत्र के बसदेहड़ा में कालेज खोलने की प्रतिबद्धता दोहराई।
हर विधानसभा क्षेत्र में खुलेगा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोल रही है। पहले चरण में प्रदेश में 18 डे बोर्डिंग स्कूलांे को मंजूरी दी गई है, इनमें 8 लगभग बन कर तैयार होने को हैं।
खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 3 प्रतिशत कोटा
उन्होंने इस पर प्रसन्नता जताई कि आज खेलों को लेकर समाज के दृष्टिकोण में बदलाव आया है। अब बच्चे शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ रहे हैं। इससे एक नई खेल संस्कृति बलवती हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलों में पदक विजेताओं और प्रदेश व देश का नाम ऊंचा करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 3 प्रतिशत कोटे का प्रावधान किया है। इसके अलावा खिलाड़ियों को सम्मान राशि में भी वृद्धि की गई है। पैरालांपिक में रजत पदक जीतने वाले ऊना के अंब के निषाद कुमार को सरकार ने 3 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की है।
इस दौरान सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा तिलक सिंह ने खेल संबंधी ब्यौरा दिया व उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उप निदेशक उच्च शिक्षा ऊना राजेंद्र कौशल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर ऊना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक ठाकुर, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, प्रधानाचार्य सुरेंद्र कौंडल और उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोम पाल धीमान भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here