कांग्रेस ने देहरा विस उपचुनाव में सीएम की पत्‍नी कमलेश ठाकुर को मैदान में उतारा

145

देहरा (कांगड़ा), 18 जून। कांग्रेस पार्टी ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर मुख्‍यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्‍खू की धर्मपत्‍नी कमलेश ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है। उनका जन्म 2 अप्रैल 1970 को काँगड़ा जिले के देहरा उपमंडल में नलसूहा गाँव में हुआ। उन्होंने राजनीतिक शास्त्र में एमए की डिग्री राजकीय कॉलेज चंडीगढ़ से हासिल की है और पीजीडीसीए का डिप्लोमा भी किया है। उन्होंने दसवीं की शिक्षा राजकीय उच्च पाठशाला नलसूहा तथा जमा दो की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परागपुर से प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ उनका विवाह 11 जून 1998 को हुआ और उनकी समाज सेवा के क्षेत्र में विशेष रुचि रही है। विशेष रुप से महिला सशक्तिकरण के लिए कमलेश ठाकुर निरंतर सक्रिय रही हैं। वह पिछले बीस वर्षों से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सक्रिय सदस्य के रूप में भी कार्य कर रही हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनका बेहतर जुड़ाव रहा है। कमलेश ठाकुर नादौन विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक रूप से निरंतर काम कर रही हैं और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं के निपटारे के लिए प्रयास कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here