जन नहीं, धन सेवा के लिए राजनीति कर रहे राजेंद्र राणा: मुख्यमंत्री

556

जनसेवा नहीं, धन सेवा के लिए राजनीति कर रहे राजेंद्र राणा: मुख्यमंत्री

सुजानपुर (हमीरपुर), 17 मई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा जनसेवा नहीं, धन सेवा के लिए राजनीति कर रहे हैं। पूर्व विधायक भाजपा की राजनीतिक मंडी में बिके हैं, 14 महीने में वह जनता के काम नहीं, सिरमौर के नैना टिक्कर स्थित अपनी पार्टनरशिप वाले क्रशर की एनवायरमेंट क्लीयरेंस और अपने राजगढ़ के होटल की सड़क बनवाने के लिए मेरे पास आते थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत हराया गया। वह हमीरपुर से चुनाव लड़ते थे, भाजपा के एक खेमे ने उन्हें सुजानपुर से टिकट दिलवा दिया। धूमल चुनाव हार गए और पूर्व भाजपा सरकार में हमीरपुर जिले को अधिमान नहीं मिला।  मुख्यमंत्री ने ये बातें सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के जोल पलाही, खैरी गोशाला, कक्कड़, ऊटपुर, ऊहल, पटनौण व सराकड़ में आईटीआई के पास चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहीं।

मुख्यमंत्री ने तूफानी दौरा करते हुए सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार कैप्टन रणजीत राणा व लोकसभा उम्मीदवार सतपाल रायजादा के लिए वोट की अपील की। सुखविंदर सिंह ने कहा कि पहले जो गलती सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों से हुई थी, उसे सुधारना है। मैंने मुख्यमंत्री के नाते पूर्व विधायक से कई बार सुजानपुर दौरे पर आने के लिए कहा, लेकिन वह ना-नुकर करते रहे। आपदा में भी उन्होंने मुझे नहीं बुलाया, लोगों की पीड़ा को समझते हुए मैंने खुद आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। आपदा में 8 करोड़ रुपये सुजानपुर क्षेत्र को दिए। 100 करोड़ रुपये ग्रामीण सड़कों के लिए दिया है। बिकाऊ विधायक अपने क्रशर व होटल की बात करते रहे, लेकिन सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के खेतों में कंटीली तार लगाने का मुद्दा कभी नहीं उठाया। हमारी सरकार 50 करोड़ रुपये से लोगों की खेती को बचाने के लिए कंटीली तार लगाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, बिकाऊ विधायक से जनता यह पूछे कि वह बिकने के बाद एक महीने तक घर और सुजानपुर की जनता से मिलने क्यों नहीं आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिकाऊ विधायक इसलिए दर-दर भटक रहे थे, क्योंकि सरकार गिराने के नाम पर उन्होंने भाजपा नेताओं से तीसरी क़िस्त लेनी थी। सुजानपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार कैप्टन रणजीत ने न तो क्रशर लगाना है, न भू माफिया बनना है। उन्होंने केवल और केवल समस्याओं को ढूंढकर उनका हल करवाना है। कैप्टन ने सेना में रहते सीना ठोककर देश की सरहद पर दुश्मन की गोली का सामना किया है। वह ईमानदार हैं और गरीब घर से होने के कारण जनता के दर्द व उनकी समस्याओं को जानते हैं।

पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने अपनी नैतिकता को बेचा है। उन्हें सम्मान नहीं, भाजपा का सामान से भरा अटैची चाहिए था। मेरी मुख्यमंत्री की कुर्सी को कोई खतरा नहीं है। यह लड़ाई आपकी है, आपके वोट को बचाने की है। दागदार और बेदाग के बीच है। बिकने वाले सच्चे सेवक नहीं हो सकते। बेईमान बार-बार आकर झूठे वादे करेगा, लेकिन उनकी बात में नहीं आना है। सरकार साढ़े तीन साल के कार्यकाल में सुजानपुर की तकदीर व तस्वीर बदल दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजेंद्र राणा के मन में सेवा का भाव नहीं है, जिस संस्था के नाम पर वह सेवा का ढोंग करते हैं, उसके लिए सारा पैसा बद्दी व लुधियाना से आता है। बिकाऊ विधायक अपनी जेब से एक पैसा जनसेवा में नहीं लगाता। भाजपा कार्यकर्ताओं से भी अनुरोध है कि वह बिकाऊ विधायक को वोट न देकर हमीरपुर का गौरव बचाने के लिए मुख्यमंत्री को वोट करें। हमीरपुर जिला मेरा घर है, यहां के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

इस दौरान विधायक एवं कार्यकारी कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर, विधायक सुरेश कुमार, विधानसभा उम्मीदवार कैप्टन रणजीत सिंह, केसीसी बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठानिया, पूर्व सीपीएस अनीता वर्मा, जिला अध्यक्ष सुमन भारती, ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर, कर्नल विधि चंद लगवाल और अरूण ठाकुर भी मौजूद थे।

सुजानपुर में भाजपा को कुनबा संभालना हो रहा मुश्किल

सुजानपुर। मतदान की तारीख नजदीक आने पर सुजानपुर भाजपा में टूट बढ़ती जा रही है। भाजपा को अपना कुनबा संभालना मुश्किल हो रहा है। प्रदेश के साथ ही यहां के लोगों में भी खरीद-फरोख्त की राजनीति को लेकर नाराजगी है। शुक्रवार को सुजानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में हुईं मुख्यमंत्री की जनसभाओं में यह साबित भी हो गया। जोल पलाही, खैरी गोशाला, कक्कड़, ऊटपुर, ऊहल व पटनौण में अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है।

भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के 15 महीनों के कार्यकाल में हुए कार्यों और सरकार की नीतियों में आस्था जताई है। मुख्यमंत्री ने जंदडू पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, बीके ठाकुर, संजीव कुमार, रीता शर्मा, पूनम, रणवीर, सोनू, गोल्डी, लक्की, सुरेंद्र कुमार, बलजीत कुमार, अतुल, विकास, शिवम रांगड़ा, राजीव लोहिया, अमित ठाकुर, 90 वर्षीय नेगी सिंह, राहुल, अतिंदर, सजल, शुभम, गोल्डी, गिफ्टी, आर्यन, अभिषेक, रितिक, साहिल, हिमांशु, निखिल, नितिन, साहिल, निशांत, सौरभ, सचिन व लक्की इत्यादि को पटका व फूलमाला पहनाकर कांग्रेस में शामिल कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में शामिल हुए भी भाजपा कार्यकर्ताओं व युवाओं को उचित मान सम्मान मिलेगा। उनके सभी जायज कार्यों को किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता बिकाऊ विधायक को टिकट मिलने से दुखी हैं। उन्हें भाजपा में घुटन महसूस हो रही है।

जनता पेयजल को तरसती रहीराजेंद्र राणा सरकार गिराने की साजिश रचते रहे

सुजानपुर। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पिछले दस महीनों से जनता से कटे हुए थे। उन्हें जनसमस्याओं से कोई लेना-देना नहीं था। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह को इसका साक्षात उदाहरण राणा की गृह पंचायत पटलांदर का शुक्रवार को देखने को मिला। उनकी पंचायत में बीते 8-9 महीने से पानी की समस्या थी। जिससे लोग परेशान थे, लेकिन राणा जनसेवा की बजाय सरकार गिराने की साजिश रचने में व्यस्त रहे। कांग्रेस उम्मीदवार कैप्टन रणजीत सिंह को जैसे ही इस बारे में जानकारी मिली, उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह के संज्ञान में इसे लाया।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सुजानपुर में कहा कि ऐसा विधायक किस काम का जो अपनी गृह पंचायत के लोगों की पेयजल समस्या का समाधान न कर सके। उन्होंने समस्या का समाधान कर दिया है। इस इलाके की जल शक्ति विभाग की पानी की स्कीम बरसात में कुछ स्थानों से टूट गई थी। कैप्टन रणजीत ने गर्मियों के मौसम में पानी की होने वाली किल्लत के बारे में मुझे अवगत कराया। इस पर अधिकारियों को आदेश दिए कि एक हफ्ते के अंदर इस पानी की स्कीम को चालू किया जाए। जल्दी ग्राम पंचायत पटलांदर के 14 गांवों तथा ग्राम पंचायत लंबरी के 11 गांवों की पीने के पानी की समस्या खत्म हो जाएगी व उन्हें सुचारू रूप से पानी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शुक्रवार को ग्राम पंचायत चमियाना के 8-9 गांव की पानी की समस्या भी उनके संज्ञान में कैप्टन रणजीत ने लाई है। ग्राम पंचायत चमियाना की पानी की समस्या को भी अगले तीन-चार दिनों में सुलझा दिया जाएगा। लोगों को सुचारू रूप से पानी मिलने लगेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here