शिमला में सीएम निवास पर विशाल धरना प्रदर्शन आज
नई दिल्ली, 14 जुलाई। अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से अपने वादे के अनुसार 20 जुलाई तक सवर्ण आयोग का गठन ना किए जाने पर राज्य में जबरदस्त जनआंदोलन चलाने की चेतावनी दी है। मोर्चा बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री निवास पर सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर विशाल धरना प्रदर्शन करने जा रहा है।
अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शशि रंजन सिंह ने कहा कि मोर्च के राष्ट्रीय महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी और देवभूमि क्षत्रिय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर और सवर्ण मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन ठाकुर के नेतृत्व में सवर्ण आयोग की मांग को लेकर 15 जुलाई को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के निवास पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। सवर्ण आयोग की मांग को लेकर मोर्चे द्वारा प्रदेश भर में अभियान चलाया जा रहा है। संजीव कुमार ने कहा कि मोर्चे का उद्ेश्य राज्य में सवर्णों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि मोर्चे की तरफ से जय देव ठाकुर, प्रिंस मिन्हाज, ऊषा ठाकुर, नरेश कुमार, नैंसी ठाकुर, लील सिंह ठाकुर, अमित ठाकुर, मुनीष ठाकुर, बलवंत सिंह ठाकुर, दमा ठाकुर, मनोज ठाकुर, पंकज ठाकुर और भरत कुमार प्रदेश भर में सवर्णो के बीच अलख जगा रहे हैं।