यह कैसी सरकार, कैसे मंत्री?

36
  • आकंठ अहंकार में डूबे मंत्री तो कर्ज में डूबा उत्तराखंड
  • गणेश जोशी का अटपटा बयान, भ्रष्टाचार के आरोप से निखरेगी उनकी छवि

सीएम धामी उत्तराखंड से अधिक दिल्ली में रहते हैं। एक पैर जमीन पर तो दूसरा हेलीकॉप्टर पर रहता है। फैसले ऐसे लेते हैं कि जो धरातल पर उतरते ही नहीं। या फिर ऐसे कि सुप्रीम कोर्ट में फजीहत हो जाती है। पता नहीं कौन सलाहकार और कैसे सलाहकार हैं? कल भी दिल्ली गए थे।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी क्या बोल रहे हैं। मीडिया ने उनसे आय से अधिक संपत्ति के आरोप में पूछा तो बोले जब-जब विवाद हुआ है मेरी छवि निखरी है। पिछली बार 15 हजार वोटों से जीता तो इस बार 18 हजार से जीतूंगा। अजीब सा तर्क दिया कि स्वघोषित संपत्ति में दामाद की संपत्ति भी है। कौन-सा ऐसा दामाद होगा कि अपने ससुर को संपत्ति दे दे। हालांकि गणेश जोशी के दामाद ने एक संपत्ति अपने साले को गिफ्ट की है। सही जांच हो तो यह मनी लांड्रिग के दायरे में आ सकती है। यह अहंकार नहीं तो और क्या है। मंत्री अहंकार में हैं और प्रदेश कर्ज में डूबा हुआ है। प्रदेश पर कर्ज 90 हजार करोड़ के आंकड़े तक पहुंच चुका है।
कुछ मंत्रियों की तो न घर में चल रही है और न बाहर। उनकी पत्नियां न केवल घर चला रही हैं बल्कि तबादले, नियुक्तियां, प्रशासनिक फैसले भी ले रही हैं। मंत्री तक शिकायत बिना उनके माध्यम से नहीं हो रही है।
खेल मंत्री रेखा आर्य का अजीब सा मामला सामने आ गया है। बरेली में केस दर्ज हुआ है कि उनकी संपत्ति के नाम पर खेल हो रहा है। जो महिला उनके बरेली का पता और पति का नाम इस्तेमाल कर रही है वह एक कार भी इस्तेमाल कर रही है जिस पर उत्तराखंड शासन लिखा हुआ है। सीधी सी बात है कि मंत्री को भनक नहीं और उनके घर में ही डाका पड़ रहा है तो वो जनता की सुध क्या लेंगी?
इधर, मंत्री ऐसा खेल रहे हैं और उधर, जनता के हाथों में ढोल-मजीरे पकड़ा दिए गए हैं। बेरोजगार बेटों की मां मंदिरों में संतरी साड़ियां पहनकर ढोल बजा कर कीर्तन कर रही है और बाप सुबह शाम संघ की शाखा में वंदेमातरम गा रहा है। उधर, बेटा ड्रग एडिक्ट हो गया है। भजन-कीर्तन करो तो ही धर्म और देश बचेगा।
इसके बावजूद सीएम धामी कह रहे हैं कि 2025 में उत्तराखंड देश का अग्रणी प्रदेश होगा। चलो तीन महीने रह गए हैं, हम भी देख लेते हैं कि यह प्रदेश इस माहौल में कैसे अग्रणी प्रदेश बनेगा।
(वरिष्ठ पत्रकार गुणानंद जखमोला की फेसबुक वॉल से साभार)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here