सुक्खू ने झूठ बोलने का रिकॉर्ड बनायाः जयराम

81

हमीरपुर, 4 जुलाई। विधानसभा उपचुनाव में हमीरपुर के भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने डेढ़ साल में झूठ बोलने का रिकॉर्ड बनाया है। सरकार सिर्फ झूठ पर झूठ बोले जा रही है। डेढ़ साल से सरकार सिर्फ आश्वासन दिए जा रही है। इस सरकार के पास बताने के लिए एक काम भी नहीं हैं। जिसके दम पर वह वोट मांग सके। नालागढ़ में जाएंगे तो कहेंगे देहरा में मिल गई सम्मान निधि, देहरा जाएंगे तो कहेंगे हमीरपुर में मिल गई सम्मान निधि। आज तो देहरा के लोगों ने मंच पर मुख्यमंत्री के सामने जोरदार आवाज में कहा कि उन्हें कोई सम्मान निधि नहीं मिली है। किस तरह के झूठ से सरकार कितने दिन बची रहेगी। अब बहुत हो गया प्रदेश के लोग सरकार के झूठ का काम तमाम करने के लिए बैठे हैं। इस उपचुनाव में जनता ही सुक्खू सरकार का फॉर्म भरने वाली है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि चारों लोकसभा सीटों की तरह इस बार के उपचुनाव भी भाजपा जीतेगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के जीतते ही प्रदेश की राजनीति में भूचाल आना तय है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार ज्यादा दिन की मेहमान नहीं है। प्रदेश में सरकार की तानाशाही का दौर बीतने वाला है। अब प्रदेश के लोग कांग्रेस सरकार की जोर-जबरदस्ती के खिलाफ अवाज उठा रहे हैं, एकजुट हो रहे हैं। इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को मिल रहा समर्थन इस बात की गवाही दे रहा है कि कांग्रेस सरकार को प्रदेश के लोगों ने पूरी तरह से नकार दिया है। लोकसभा चुनाव में मंत्री तो मंत्री मुख्यमंत्री भी अपना हलका नहीं बचा पाए। इस बार भी यही हाल होगा, सभी भाजपा प्रत्याशी रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे।
ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। सरकार के संरक्षण में माफिया पैर पसार है। आए दिन घोटाले सामने आ रहे हैं। घोटालों की फेहरिस्त बढ़ने वाली है। प्रदेश का सारा तंत्र भाजपा के नेताओं और प्रत्याशियों के खिलाफ लगा दिया गया है। सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय भाजपा के नेताओं के घर गिराने, डंगे गिराने, रास्ता बंद करने, बिजनेस बंद करने, गाड़ियां बंद करने, झूठे मुकदमों में फंसानें में व्यस्त है। अब तानाशाही का यह दौर बस खत्म होने वाला है। नेता प्रतिपक्ष ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के सासन, धनेड़, बलोह, डीडवीं टिक्कर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर उनके साथ विधायक रणधीर शर्मा, त्रिलोक जंवाल, दिलीप ठाकुर, इंद्रदत्त लखनपाल और हमीरपुर के पूर्व विधायक नरेंद्र ठाकुर समेत स्थानीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here