भाजपा के सांसद कांगड़ा-चंबा की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने में नाकाम सिद्ध हुए: सीएम

118

भाजपा के सांसद कांगड़ा-चंबा की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने में नाकाम सिद्ध हुए: सीएम

भंजराड़ू/सुलणी (चंबा), 20 मई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज चम्बा जिले के चुराह और डलहौजी विधानसभा क्षेत्रों में कांगड़ा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के पक्ष में प्रचार किया और लोगों से आनंद शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। चुराह के भंजराडू में एक विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पिछले 15 साल से कांगड़ा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती आ रही है लेकिन भाजपा के सांसद कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने में नाकाम सिद्ध हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी ने दिग्गज नेता आनंद शर्मा को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा पहले भी हिमाचल प्रदेश के मुद्दों की पैरवी करते रहे हैं और लोकसभा सांसद के रूप में इस लोकसभा क्षेत्र की आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा संसद में हिमाचल प्रदेश के हितों की मजबूती के साथ पैरवी करेंगे।

ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पिछले सवा साल में प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाईं और उन्हें धरातल पर लागू किया। आपदा में राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए कानून बदल दिया और अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रूपये का विशेष आर्थिक पैकेज प्रदान किया, जिसके तहत पूरी तरह से घर नष्ट होने पर मुआवजा राशि को 1.30 लाख रूपये से बढ़ाकर सात लाख रूपये किया, जबकि कच्चे घर को नुक्सान होने पर मुआवजा राशि 4000 रूपये बढ़ाकर एक लाख रूपये की। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार ने लंबित राजस्व मामलों के निपटारे को प्राथमिकता दी और अब तक इंतकाल के एक लाख तथा तकसीम के साढ़े सात हजार से ज्यादा मामलों का निपटारा किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का बुढ़ापा सुरक्षित करने के लिए पुरानी पैंशन को बहाल किया है जबकि जय राम ठाकुर ने कर्मचारियों को चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पुरानी पैंशन बिना किसी राजनीतिक लाभ को देखते हुए दी है और इसका लाभ रिटायर्ड कर्मचारियों को मिलना शुरू हो गया है। जिन कर्मचारियों को पहले एनपीएस के तहत 2700 रूपये पैंशन मिल रही थी, उन्हें अब पुरानी पैंशन के तहत 32000 रूपये तक मिल रहै हैं।

25 भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधि कांग्रेस में शामिल

भंजराडू में 25 भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधि कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने हार पहनाकर उनका स्वागत किया और कहा कि उन्हें कांग्रेस पार्टी में उचित मान-सम्मान दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए नेताओं ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूर्ण आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा, विधायक नीरज नैयर सहित अन्य पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चोर दरवाजे बंद करके 2200 करोड़ का राजस्व जुटाया

ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चोर दरवाजे बंद करके 2200 करोड़ रूपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है, जिसे अब विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों में बांटा जा रहा है। विधवा महिलाओं के 27 साल तक के बच्चों की शिक्षा का खर्च राज्य सरकार उठा रही है। उन्हें घर बनाने के लिए तीन लाख रूपये की मदद दी जा रही है। दूध का समर्थन मूल्य देने वाला हिमाचल प्रदेश देश में पहला राज्य बना है। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठा रही है। इसके अतिरिक्त मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाकर 300 रूपये की गई है।

कांग्रेस के पास धनबल नहीं जनता की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास धनबल नहीं है और जनता की ताकत ही कांग्रेस पार्टी की ताकत है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर का सिला-सिलाया कोट दर्जी के पास ही रह जाएगा। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर और भाजपा की हिमाचल प्रदेश सरकार बनाने की हसरतें अधूरी ही रह जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपना साढ़े तीन साल का बाकी कार्यकाल भी पूरा करेगी और सरकार को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता जागरूक है और देवी-देवताओं में विश्वास रखती है। ऐसे में खरीद फरोख्त की राजनीति हिमाचल प्रदेश की जनता को मंजूरी नहीं है।

चुनाव देश-प्रदेश की राजनीति को देगा नई दिशा

ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि इस बार का चुनाव देश और प्रदेश की आने वाली राजनीति को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के 6 विधायकों को भारतीय जनता पार्टी ने खरीदा है तथा यह चुनाव खरीद फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब देने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इस बार बिकने वाले विधायकों के साथ साथ खरीददार पार्टी को भी कड़ा सबक सिखायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन निर्दलीय विधायक भी बिके हैं और दूसरी किश्त पाने के लिए अपना इस्तीफा स्वीकार कराने के लिए विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।

आनंद शर्मा ने बतौर केंद्रीय मंत्री दिए कई संस्थान

कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के पक्ष में चम्बा जिले के सलूणी में एक विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आनंद शर्मा ने बतौर केन्द्रीय मंत्री हिमाचल प्रदेश को बहुत कुछ दिया है। कांगड़ा में केन्द्रीय विश्वविद्यालय, नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ फैशन टैक्नोलजी, नादौन में सपाईस पार्क, शिमला में पासपोर्ट ऑफिस आनंद शर्मा ही लेकर आये हैं। उन्होंने कहा कि चम्बा का मेडिकल कॉलेज भी कांग्रेस पार्टी की ही देन है और इसका नाम भी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम पर रखा गया है। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से आनंद शर्मा को बड़े अंतर से विजयी बनाने की अपील की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा, विधायक नीरज नैयर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, डीसीसी अध्य क्ष कमल ठाकुर, साहिब सिंह, पलक वर्मा, रेख ठाकुर, नजाकत अली सहित अन्य पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ओपीएस और महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन दे पूरी की गारंटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी चुनावी गारंटी को पूरा करते हुए 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पैंशन प्रदान की तथा महिलाओं के साथ किए गए वायदे को पूरा करते हुए 1500 रूपये प्रतिमाह पैंशन देने की योजना को भी लागू कर दिया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर और उनकी टीम इस योजना को रूकवाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि इस योजना की लाभार्थी महिलाओं की देय किश्त को रूकवाने के लिए भाजपा दिल्ली से चुनाव आयोग पर दवाब डाल रही है। इस योजना के तहत अभी भी फॉर्म भरे जा रहे हैं और महिलाएं अधिक से अधिक संख्या में इस योजना के फॉर्म भरें। उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी भी कोशिश कर ले लेकिन जून माह में लाभार्थी महिलाओं को पैंशन के 3000 रूपये एकमुश्त प्रदान किए जाएंगे।

जनता भाजपा को देगी राज्यसभा सीट चुराने की सजा

उन्होंने कहा कि चुनौतियां देना जय राम ठाकुर की आदत बन गई है। पहली चुनौती कर्मचारियों को दी और कहा कि चुनाव लड़ो तभी पैंशन मिलेगी। दूसरी चुनौती भगवान को दी, जब कहा कि सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकता। अब तीसरी चुनौती प्रदेश की जनता को दे रहे हैं कि चार जून को हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता जय राम ठाकुर और उनकी पार्टी को कड़ा सबक सिखाते हुए लोकसभा की चारों सीटें और विधानसभा उपचुनाव की सभी 6 सीटें कांग्रेस के खाते में डालेंगे। एक जून को प्रदेश की जनता भाजपा को राज्यसभा की एक सीट चुराने की सजा देंगे और कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों को बड़े अंतर से विजयी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता खरीद फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब देकर पूरे देश में एक मिसाल पेश करेगी।

6 बिके हुए विधायकों ने प्रदेश सरकार को गिराने का षडयंत्र रचा

ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के 6 बिके हुए विधायकों ने भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश सरकार को गिराने का षडयंत्र रचा। भाजपा ने अन्य कांग्रेस विधायकों को भी तरह तरह के प्रलोभन दिये लेकिन वे दवाब के आगे नहीं झुके। उन्होंने कहा कि सरकार को कोई खतरा नहीं है और पार्टी से दगाबाजी करने वाले 6 विधायक विधानसभा से निष्कासित कर दिये गए हैं और सर्वोच्च अदालत ने भी स्पीकर के फैसले पर मोहर लगा दी है। अब तीन निर्दलीय विधायक भी धनबल के दवाब में आकर अपना इस्तीफा देने को आतुर हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष कानून के ज्ञाता हैं और सोच समझकर अपना निर्णय देते हैं।

नौकरियां नीलाम होती रहीं जयराम सोये रहे

ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार में नौकरियां नीलाम होती रहीं और जय राम ठाकुर सोये रहे। पुलिस भर्ती का पेपर नीलाम हुआ और हमीरपुर अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग में भी पेपर बिके। भाजपा ने कार्यकर्ताओं और रिश्तेदारों को नौकरियां दिलाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से जेओए आईटी की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया है जो कई वर्षाें से सुप्रीम कोर्ट में लटका हुआ था तथा अब दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने पांच वर्ष में मात्र 20 हजार सरकारी नौकरियां दी गईं जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने एक वर्ष में ही 22000 से अधिक सरकारी नौकरियां निकली हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here