सरकार गिराने की साजिश माफ नहीं करेगी हिमाचल की जनता: शर्मा

121

सरकार गिराने का षड़यंत्र माफ नहीं करेगी हिमाचल की जनता: आनंद शर्मा

जयसिंहपुर (कांगड़ा), 19 मई। कांगड़ा-चंबा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय विदेश, वाणिज्य, कपड़ा एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न  नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खरीद फरोख्त और दलबदल करवाके लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को गिरना भाजपा की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद भाजपा नेता थोड़े समय दुखी होकर बैठ जाते हैं और फिर साजिश रच कर सरकार गिराने की कोशिश में जुट जाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश और मध्य‍प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस की सरकारें गिराईं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी खरीद फरोख्त और दलबदल करके सरकार गिराने की कोशिश की गई मगर कामयाब नहीं हुए। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग इस बात को पसंद नहीं करते कि जिस सरकार को उन्होंने अपना आशीर्वाद देकर बनाया है उसे कोई चोरी और दलबदल करके छीन ले। उन्होंने दावा किया कि विस उपचुनाव में हिमाचल के लोग भाजपा को सबक सिखाने जा रहे है। कांग्रेस सरकार जीतेगी और बाकी के साढ़े तीन साल चलेगी।

आनंद शर्मा ने कहा कि देश में दो विचारधाराएं हैं। इनमें से एक कांग्रेस की विचारधारा ने देश के स्वतंत्रता संग्राम की अगुवाई की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना अब्दूल कलाम, सुभाष चंद्र बोस, भीमराव अंबेडकर जैसे देश के महानायकों ने कांग्रेस में रहते हुए देश की स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई लड़ी। आजादी के बाद भारत का निर्माण किया, भारत को संविधान दिया। इस पार्टी की सोच समावेशी है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा के रूप में ऐसी पार्टी एवं विचारधारा है जिसकी सोच संकुचित और सीमित है, जो सुबों के बीच लकीरें खींच रही है। उत्तर और दक्षिण भारत को भाषा और क्षेत्र में बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1965 में भाषा को लेकर जो फार्मूला तय कर लिया गया था उससे छेड़खानी की जा रही है। इससे देश कमजोर होगा। अगर ऐसा चलता रहा तो आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए यह देश मजबूत नहीं होगा।

 

देश के मौजूदा हालात से संयुक्‍त राष्‍ट्र भी चिंतित

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज देश में कुछ बातें चिंताजनक स्थिति में पहुंच चुकी हैं, जिसके चलते संयुक्त राष्ट्र तक चिंता जाहिर कर रहा है और विश्व में रोज किरकिरी हो रही है। ये बातें भले ही टीबी और अखबारों में नहीं आ रही हों, मगर सोशल मीडिया में सब दिख रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आज जो भी विकास हुआ है वह आजादी के बाद की सरकारों के कठोर परिश्रम और प्रतिबद्धता का नतीजा है। देश की प्रगति को लेकर आज जो पीएम मोदी दावे कर रहे हैं, यह सब रातोंरात या उनके दस साल के कार्यकाल में नहीं हुआ है। इसके लिए कांग्रेस नेताओं इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपने प्राणों की आहूति तक दी है। उन्होंने कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश की जनता का अह्वान करते हुए कहा कि उनका एक वोट हिंदोस्तान की तकदीर का फैसला करेगा। इससे यह तय होगा कि कौन सी विचारधारा देश को आगे लेकर जाएगी। पूरा विश्व  इस चुनाव पर अपनी नजरें गढ़ाए बैठा है।

महंगाई और बेरोजगारी पर क्‍यों बंद है मोदी की जुबान

आनंद शर्मा ने कहा कि दस साल पहले देश की जनता से जो वादे किए थे, वो पूरे हुए या नहीं यह बात देश की जनता समझ चुकी है। भाजपा और पीएम मोदी रोजगार और महंगाई की बात तक नहीं करते, इसको लेकर उनकी जुबान पर एक शब्द  नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लोगों के बीच जाकर हर बार एक लुभावना वायदा करते हैं और भुल जाते हैं, मगर इस बार लोगों नहीं ठगा जा सकेगा।

शहीदों का अपमान इतिहास माफ नहीं करेगा

उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे भारत को साथ लेकर चलने की क्षमता रखती है, जबकि विरोधी दल देश के अलग-अलग हिस्सों को लड़ाकर देश को कमजोर कर रहा है। उन्होंने पीएम और बीजेपी के नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि शालीनता की परिधि में बात होनी चाहिए और राजनीतिक संवाद का शिष्टाचार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश का निर्माण करने वालों को कोसा जा रहा है, जो सही परंपरा नहीं है। जो अपने शहीदों का अपमान करते हैं उन्हें इतिहास कभी माफ नहीं करता है।

जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेललाइन को किया जाएगा ब्रॉडगेज

आनंद शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेश को बड़ी-बड़ी संस्थाएं दी हैं और आने वाले समय में और भी विस्तार करेंगे। साथ ही उन्होंने जोगिंद्रनगर से पठानकोट की नैरोगेज ट्रेन को ब्रॉडगेज करने और विस्‍तार की प्राथमिकता भी दोहराई। इस अवसर पर उनके साथ कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा, ब्ला‍क कांग्रेस अध्य‍क्ष जसवंत, ले. जरनल धर्मवीर राणा, ओम प्रकाश धीमान, मोहन कटोच समेत कांग्रेस के विभिन्‍न संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here